
महराजगंज। जनपद महराजगंज के कलेक्ट्रेट में तैनात ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर रज़ी अख्तर सिद्दीकी का बुधवार देर रात अचानक हृदय गति रुकने से निधन हो गया। वे प्रशासनिक सेवाओं से लंबे समय से जुड़े रहे और वर्तमान में आईजीआरएस (इंटीग्रेटेड ग्रिवांस रिड्रेसल सिस्टम) के अंतर्गत कार्यरत थे।
बीती रात तबीयत बिगड़ने पर उन्हें परिजनों द्वारा तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तमाम चिकित्सकीय प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। उनके आकस्मिक निधन से जनपद प्रशासन, सहकर्मियों और आम जनमानस में शोक की लहर दौड़ गई है।
कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से शोक व्यक्त किया और उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। जनपद प्रशासन ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए संवेदना व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी सहानुभूति जताई है।
रज़ी अख्तर सिद्दीकी को प्रशासनिक कुशलता, सहज स्वभाव और कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाना जाता था। उनके निधन से जनपद ने एक समर्पित अधिकारी को खो दिया है।